तंबाकू सेवन कैंसर समेत कई बीमारियों का कारण, विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर बोले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार
Patna: विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने लोगों से तंबाकू सेवन से दूर रहने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह दिवस तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा इसके उपयोग को कम करने वाली नीतियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है.

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सिगरेट, खैनी, हुक्का, बीड़ी और अन्य रूपों में तंबाकू का सेवन कर रहे हैं. यह प्रवृत्ति चिंताजनक है, क्योंकि तंबाकू कैंसर समेत कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है. उन्होंने कहा कि तंबाकू का बढ़ता उपयोग सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.
उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सदस्य देशों द्वारा वर्ष 1987 में विश्व तंबाकू निषेध दिवस की शुरुआत की गई थी. इसका उद्देश्य तंबाकू सेवन से होने वाली मृत्यु और बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है.
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि तंबाकू को ‘ना’ कहकर और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक बनाकर एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य का निर्माण किया जा सकता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तंबाकू छोड़ने का संकल्प लें और अपने परिवार व समाज को भी इसके दुष्प्रभावों से बचाने में योगदान दें. उन्होंने कहा कि आज उठाए गए छोटे-छोटे कदम आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर कल की नींव बन सकते हैं.







