बजट सत्र का 18वां दिन आज निर्णायक: सदन में पेश होंगे 6 अहम विधेयक, कई मुद्दों पर सरकार से जवाब
Bihar news: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज 18वां दिन है और कार्यसूची काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भोजनावकाश के बाद सदन में छह अहम विधेयकों को पेश किया जाएगा। साथ ही अल्पसूचित और तारांकित प्रश्नों के जरिए विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को जवाब देना होगा। सामान्य चर्चा के बाद विधेयकों को पारित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
ये 6 विधेयक होंगे पेश
सरकार जिन विधेयकों को सदन के पटल पर रखेगी, उनमें प्रमुख हैं—
• बिहार जनविश्वास (प्रावधान संशोधन) विधेयक
• बिहार अधिवक्ता कल्याण निधि (संशोधन) विधेयक
• बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड (संशोधन) विधेयक
• बिहार निजी व्यावसायिक शैक्षणिक संस्थान (नामांकन विनियमन एवं शुल्क निर्धारण) विधेयक
• बिहार सूक्ष्म वित्त संस्थाएं विधेयक
• बिहार सचिवालय सेवा (संशोधन) विधेयक
इन विधेयकों को प्रशासनिक सुधार, शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, अधिवक्ताओं के हितों की सुरक्षा, निजी संस्थानों में शुल्क नियंत्रण और सचिवालय सेवा से जुड़े प्रावधानों में बदलाव के उद्देश्य से लाया जा रहा है।
पक्ष-विपक्ष में होगी बहस
सदन में इन प्रस्तावों पर पक्ष और विपक्ष के बीच विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। विभिन्न विभागों से जुड़े ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर भी सरकार को जवाब देना होगा, जिससे कार्यवाही और भी अहम हो गई है।
विधान परिषद में भी हलचल
विधान परिषद में महालेखाकार से प्राप्त प्रतिवेदन की प्रति सदन में रखी जाएगी। गैर-सरकारी सदस्यों के विधेयक एवं संकल्प समिति की 215वीं रिपोर्ट भी प्रस्तुत होगी। इसके अलावा नवादा जिले की पांच नदियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का मुद्दा भी ध्यानाकर्षण के तहत उठाया जाएगा, जिस पर चर्चा संभावित है।
बजट सत्र के इस अहम दिन पर सबकी नजरें टिकी हैं, क्योंकि पारित होने वाले विधेयक आने वाले समय में राज्य की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था पर व्यापक प्रभाव डाल सकते हैं।







