Movie prime

आज लोग चांद पर घर बनाने को सोच रहे लेकिन मछुआरों को धरती पर घर नसीब नहीं : मुकेश सहनी

 

पटना: बिहार के पूर्व मंत्री और विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख मुकेश सहनी ने आज चुनावी दौरे के क्रम में कहा कि आज लोग चांद पर घर बनाने को सोच रहे लेकिन बिहार के मछुआरों को धरती पर घर नसीब नहीं है। उन्होंने  कहा कि अगर मछुआरा आज एक दिन मछली नहीं मारे तो उसे एक टाइम का भोजन नसीब नहीं हो। 

पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर और बांका में  राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ अलग - अलग चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने महागठबंधन के प्रत्याशियों को वोट देने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री चुनने के लिए है। आज जो सरकार है वह नहीं चाहती है कि गरीब और पिछड़े आगे बढ़े और सम्मान के साथ जिंदगी जिए। 

उन्होंने कहा कि पहले हमलोंगो को सम्मान नहीं मिलता था हमें साथ नहीं बैठाया जाता था, लेकिन संविधान मिलने के बाद हमें यह अधिकार मिला। आज इसी संविधान को बदलने की कोशिश की जा रही है। इसे हमे बचाना है। 

उन्होंने ऐसी सरकार को हटाने की अपील करते हुए कहा कि हमने आपके आशीर्वाद से बिहार को दिखा दिया है कि एक मछुआरा केवल मछली ही नहीं मार सकता विधायक भी बना सकता है। पिछले चुनाव में चार विधायक हमारे जीते, लेकिन साजिश के तहत भाजपा ने विधायक खरीद लिए और उस सरकार से हमे अलग कर दिया गया, जिसे हमने बनाया था। 

उन्होंने लोगों को एकजुट होकर महागठबंधन की लालू प्रसाद की विचारधारा वाली सरकार बनाने की अपील करते हुए कहा कि हमे ऐसी सरकार चाहिए जो गरीबों को अधिकार दे और गरीबों का कल्याण करे।