गयाजी-बोधगया सहित मगध क्षेत्र में पर्यटन विकास, स्थानीय रोजगार एवं विदेशी निवेश को मिले प्राथमिकता : डॉ. प्रेम कुमार
बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में पर्यटन विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में गयाजी एवं बोधगया कॉरिडोर, गांधी मैदान के विकास, मगध क्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के संवर्धन, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा पर्यटन के माध्यम से निवेश एवं रोजगार सृजन की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि लगभग 3,500 करोड़ रुपये की गयाजी कॉरिडोर परियोजना का विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) भारत सरकार को भेजा जा चुका है। इसमें गयाजी धाम का विकास, सोन नदी का जल फल्गु नदी तक लाकर वर्षभर जल की उपलब्धता सुनिश्चित करना, मनसरवा नाला को आच्छादित करना तथा सड़क एवं पार्किंग जैसी सुविधाओं का विकास शामिल है। वहीं, बोधगया महाबोधि कॉरिडोर के अंतर्गत छह योजनाएं तैयार की गई हैं। इनमें सड़क एवं यातायात व्यवस्था, विरासत हाट, पार्किंग, भोजनालय, जयप्रकाश उद्यान, पैदल एवं साइकिल पथ तथा मंदिर से नदी तक संपर्क मार्ग एवं घाट का विकास शामिल है। माननीय अध्यक्ष ने इन योजनाओं में स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।
उन्होंने इस वर्ष पितृपक्ष मेले में लगभग 53 लाख श्रद्धालुओं के आगमन तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि गयाजी में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए मूलभूत सुविधाओं एवं बेहतर प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। देवघाट पर आरती एवं धार्मिक आयोजनों के लिए आवश्यक विभागीय सहयोग उपलब्ध कराने के साथ कपिलधारा, मातंगवापी, धर्मारण्य, सीताकुंड, मां मंगलागौरी एवं गुरपा सहित क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की समेकित कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।
डॉ. प्रेम कुमार ने गौतम बुद्ध अभयारण्य क्षेत्र में टिकारी महाराज की ऐतिहासिक संपत्ति का सर्वेक्षण कर उसे पर्यटन केंद्र अथवा होटल के रूप में विकसित करने की संभावनाएं तलाशने तथा पर्यटन परिसरों के संचालन में जीविका समूहों एवं स्थानीय संस्थाओं की सहभागिता सुनिश्चित कर रोजगार सृजन पर बल दिया। उन्होंने गयाजी से बोधगया तक लगभग 8.6 किलोमीटर लंबे नदी तटीय क्षेत्र के समग्र पर्यटन विकास के लिए सीमांकन, अतिक्रमण रोकने एवं आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में डुंगेश्वरी, ब्रह्मयोनी, प्रेतशिला एवं वाणावर रोपवे परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने तथा अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। मुचलिंद सरोवर के विकास एवं गयाजी में 1080 बेड की क्षमता वाली धर्मशाला का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर भी जोर दिया गया।
अध्यक्ष ने गयाजी स्थित गांधी मैदान के विकास के दूसरे चरण की योजना के अंतर्गत चारदीवारी, हरित क्षेत्र, फव्वारा, खुला व्यायाम स्थल एवं बाल उद्यान सहित अन्य सुविधाओं के विकास का निर्देश दिया। उन्होंने मैदान स्थित तालाब में वर्षभर जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पहाड़ी क्षेत्र के वर्षाजल को भूमिगत पाइपलाइन से जोड़ने तथा जल संसाधन विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण कराने का सुझाव दिया। साथ ही, सूखे पौधों एवं घास को बदलने, बंद पड़ी लाइटों की मरम्मत तथा परिसर का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने पर बल दिया।
पर्यटन नीति के तहत निवेशकों को प्रोत्साहित करने के लिए उपलब्ध प्रोत्साहन एवं अनुदान प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश देते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि सिडनी एवं सिंगापुर सहित विदेशों के कुछ निवेशक गयाजी एवं बोधगया क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये तक निवेश करने के इच्छुक हैं। होटल, भोजनालय, मनोरंजन पार्क, जल क्रीड़ा तथा ग्रामीण एवं पारिस्थितिकी पर्यटन जैसी परियोजनाओं के माध्यम से स्थानीय रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
बैठक में बोधगया के कुछ मठों में व्यावसायिक आवासन व्यवस्था से स्थानीय होटल व्यवसाय एवं सरकारी राजस्व पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव तथा स्पष्ट नीति एवं कर व्यवस्था की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया। वहीं, बोधगया नगर परिषद के क्षेत्र विस्तार के संबंध में अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2021 में वार्डों की संख्या 19 से बढ़ाकर 33 की गई थी। माननीय अध्यक्ष ने नगर परिषद की वर्तमान सीमा का स्पष्ट विवरण तैयार करने तथा धर्मारण्य, विश्वविद्यालय परिसर, भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), जिंदापुर तालाब एवं सेखवारा सहित अन्य क्षेत्रों की प्रशासनिक स्थिति स्पष्ट करने का निर्देश दिया, ताकि पर्यटन एवं निवेश की संभावनाओं का समुचित उपयोग किया जा सके।
अंत में अध्यक्ष ने पर्यटन विभाग को बैठक में प्रस्तुत योजनाओं एवं प्रस्तावों का पृथक अभिलेख तैयार करने तथा गयाजी एवं बोधगया की परियोजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बिहार विधान सभा सचिवालय के प्रभारी सचिव संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के प्रबंध निदेशक नन्द किशोर, महाप्रबंधक (प्रो.) चन्दन चौहान, उप निदेशक जीवन प्रकाश पाण्डेय सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।







