Newshaat_Logo

उपराष्ट्रपति के गया दौरे को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, 11 जुलाई को कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

 
उपराष्ट्रपति के गया दौरे को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, 11 जुलाई को कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन; प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

Gaya News: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 11 जुलाई को प्रस्तावित गया दौरे को लेकर जिला प्रशासन और यातायात पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान जारी किया है। वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेगा। यह विशेष व्यवस्था 11 जुलाई को सुबह 8:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार, इस दौरान मानपुर से बाईपास होते हुए बोधगया अंडरपास तक बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

इसके अलावा खटका चक से बिपार्ड, 05 नंबर गेट, हवाई अड्डा मोड़ और धनावां मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया जाएगा। इन मार्गों पर भी केवल आपातकालीन सेवाओं को ही आवाजाही की अनुमति होगी।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

यातायात पुलिस ने लोगों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए हैं। सिकरिया मोड़ से मगध मेडिकल कॉलेज और चेरकी रोड होते हुए लोग अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं, मानपुर से केंदुई, राजापुर होते हुए बोधगया जाने का मार्ग भी आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा।

जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाओं का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा।

अधिकारियों का कहना है कि उपराष्ट्रपति के दौरे को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है। नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए प्रशासन ने कहा है कि यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने से अनावश्यक परेशानी से बचा जा सकेगा।