उपेंद्र कुशवाहा का बड़ा एक्शन, बागी रामपुकार सिन्हा को 6 साल के लिए पार्टी से किया बाहर
आरएलएम सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी के नेता रामपुकार सिन्हा के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है. दरअसल बिहार में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) ने बड़ी कार्रवाई की है. पार्टी ने अपने प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता रामपुकार सिन्हा को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है. उन पर पार्टी लाइन के खिलाफ जाकर चुनाव लड़ने और अनुशासनहीनता का आरोप लगाया गया है.
पार्टी की ओर से 12 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में निलंबन की जानकारी दी गई है. पत्र पर RLM के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत पंकज के हस्ताक्षर हैं. इसमें कहा गया है कि रामपुकार सिन्हा सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार के विरोध में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं. इसे पार्टी ने अनुशासनहीनता के दायरे में माना है.
निलंबन पत्र में कहा गया है कि रामपुकार सिन्हा की इस गतिविधि से पार्टी की छवि धूमिल हुई है और पार्टी ने मामले को गंभीरता से लिया है. इसी आधार पर उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित करने का निर्णय लिया गया है.
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के अधिकृत उम्मीदवार के खिलाफ RLM नेता के चुनाव लड़ने से गठबंधन और पार्टी अनुशासन का मुद्दा चर्चा में आ गया है. RLM की इस कार्रवाई को पार्टी लाइन से अलग जाकर चुनाव लड़ने वाले नेता के खिलाफ सख्त कदम के तौर पर देखा जा रहा है. अब देखना होगा कि इस कार्रवाई का चुनावी माहौल पर क्या असर पड़ता है.







