भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के एनडीए में शामिल होने से बदलेंगे बिहार के चुनावी समीकरण, उपेंद्र कुशवाहा बोले- इस बार गठबंधन की जीत लगभग तय
Bihar political news: राष्ट्रीय लोक मोर्चा के सुप्रीमो और राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा है कि भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह का NDA से जुड़ना गठबंधन के लिए बड़ा फायदा साबित होगा। कुशवाहा सोमवार को सासाराम के वेदा में एक वर्कशॉप का उद्घाटन करने पहुंचे थे, जहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह बात कही।
कुशवाहा ने कहा कि पिछली बार लोकसभा चुनाव में वोट बंट जाने से नतीजे उल्टे आए थे, लेकिन इस बार विधानसभा चुनाव में एनडीए वोटों के बिखराव को रोकने की पूरी कोशिश करेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार गठबंधन की जीत लगभग तय है।
सांसद ने यह भी साफ किया कि वह व्यक्तिगत बयानबाज़ी से बचते हैं और हमेशा एनडीए की मजबूती की ही पैरवी करते हैं। उनका कहना था कि शाहाबाद और मगध इलाकों में एनडीए का आधार और मजबूत होने जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, उपेंद्र कुशवाहा ने कल पवन सिंह से मुलाकात की थी। इसके बाद से बिहार की राजनीति में नई हलचल मच गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पवन सिंह के जुड़ने से राजपूत और कुशवाहा वोटरों की गोलबंदी हो सकती है, जिससे एनडीए को सीधा फायदा मिलेगा।
कुशवाहा का यह बयान यह भी संकेत देता है कि भोजपुरी सिनेमा और राजनीति के बीच अब एक नया तालमेल बन रहा है। यह तालमेल आने वाले विधानसभा चुनाव में समीकरणों को काफी हद तक बदल सकता है।







