संयुक्त नाई (सैन) एकता महासम्मेलन में बोले विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, शिक्षा और संगठन से होगा समाज का विकास
Patna: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को पटना स्थित रविंद्र भवन में संयुक्त नाई (सैन) एकता मंच द्वारा आयोजित भव्य संयुक्त नाई (सैन) एकता महासम्मेलन में भाग लिया. इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह चंद्रवंशी भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, बुद्धिजीवी, युवा और महिलाओं ने हिस्सा लिया.
अपने संबोधन में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह महासम्मेलन केवल एक स्वागत समारोह नहीं, बल्कि समाज की एकता, सामाजिक समरसता और विकास के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है. उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए संयुक्त नाई (सैन) एकता मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई दी और समाज को संगठित करने, युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार के प्रति प्रेरित करने तथा सामाजिक जागरूकता बढ़ाने में मंच की भूमिका की सराहना की.
उन्होंने कहा कि नाई (सैन) समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है और यह समाज अपनी मेहनत, सेवा, समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता के लिए जाना जाता है. समाज निर्माण में इस समुदाय का योगदान महत्वपूर्ण रहा है. उन्होंने युवाओं से उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करना ही सफलता की कुंजी है.
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, जलापूर्ति, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए हैं. सरकार समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
उन्होंने सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने समाज को शिक्षित, संगठित, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया.







