लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दी श्रद्धांजलि
पटना: बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने संपूर्ण क्रांति के प्रणेता, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं लोकनायक जयप्रकाश नारायण की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने कार्यालय कक्ष में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत रत्न से सम्मानित जयप्रकाश नारायण भारतीय लोकतंत्र और नैतिक राजनीति के प्रखर प्रहरी थे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने देश की आजादी के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विशेष रूप से 1942 के ‘भारत छोड़ो आंदोलन’ और ‘आजाद दस्ता’ के माध्यम से उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष को नई दिशा देने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि देश को स्वतंत्रता मिलने के बाद भी लोकनायक जयप्रकाश नारायण ने सत्ता और पद से स्वयं को दूर रखा तथा अपना जीवन समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित कर दिया। सर्वोदय, ग्राम स्वराज और सामाजिक पुनर्निर्माण उनके जीवन के प्रमुख लक्ष्य रहे।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण का जीवन यह संदेश देता है कि लोकतंत्र केवल सत्ता परिवर्तन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह नैतिकता, समानता, जनभागीदारी और सामाजिक न्याय को मजबूत करने की व्यवस्था है। बिहार की धरती के इस महान सपूत ने भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि जयप्रकाश नारायण का संघर्ष, त्याग, सादगी और लोकसेवा आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचार राष्ट्रहित में सक्रिय रहने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की प्रेरणा देते रहेंगे। इस अवसर पर बिहार विधानसभा सचिवालय के वरीय पदाधिकारीगण भी उपस्थित रहे।







