Movie prime

नए विभाग की कमान संभालने से पहले विजय सिन्हा पहुंचे सीएम नीतीश के दरबार, बंद कमरे में अहम बातचीत

 
नए विभाग की कमान संभालने से पहले विजय सिन्हा पहुंचे सीएम नीतीश के दरबार, बंद कमरे में अहम बातचीत

Bihar politics: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नए विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद बुधवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। यह भेंट मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। नई जिम्मेदारी के बाद यह विजय सिन्हा की मुख्यमंत्री से पहली औपचारिक मुलाकात मानी जा रही है।

सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी

मुलाकात के बाद विजय सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि नगर विकास एवं आवास विभाग का दायित्व सौंपे जाने के बाद उन्होंने पदभार ग्रहण से पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भेंट कर उनका मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री के अनुभव को विकास कार्यों के लिए अहम बताया।

शहरी विकास को लेकर जताई प्रतिबद्धता

विजय सिन्हा ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शहरी विकास, सुनियोजित आवासन और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई जिम्मेदारी को वे चुनौती और अवसर दोनों के रूप में देख रहे हैं।

अब दो विभागों की जिम्मेदारी

गौरतलब है कि विजय सिन्हा पहले से ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का दायित्व संभाल रहे हैं। हाल ही में नगर विकास एवं आवास विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी गई है। इससे पहले यह विभाग नितिन नवीन के पास था, जिन्होंने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।

आज संभालेंगे औपचारिक पदभार

नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद उनके विभागों का बंटवारा किया गया, जिसमें नगर विकास एवं आवास विभाग विजय सिन्हा को जबकि दूसरा विभाग मंत्री दिलीप जायसवाल को सौंपा गया है। विजय सिन्हा बुधवार को अपने नए विभाग का औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।