Movie prime

बिहार की राजनीति में फिर गरजी तलवार: विजय सिन्हा ने राहुल गांधी को कहा-“राजनीतिक खलनायक”

 
 Vijay sinha

Patna: बिहार की सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। इस बार मंच से तीर चलाए हैं राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने उन्हें “बेशर्म” करार दिया और कहा कि उन्हें पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

विजय सिन्हा यहीं नहीं रुके। उन्होंने राहुल गांधी को “राजनीतिक खलनायक” बताते हुए कहा कि, जब-जब चुनाव आता है, राहुल गांधी और उनके साथी नौटंकी शुरू कर देते हैं। कभी अराजकता फैलाने की कोशिश होती है, तो कभी सामाजिक ताने-बाने को तोड़ने का असफल प्रयास।

“सोने की चम्मच वाले जनता का दर्द नहीं समझते”

उपमुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों का जन्म “सोने की चम्मच” के साथ हुआ है, वे आम जनता के दुख-दर्द को समझ ही नहीं सकते। उनके अनुसार, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव राजनीति को खानदानी जागीर मानते हैं और जनता को बंधुआ प्रजा समझकर सत्ता पर दावा करते हैं।

सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर संसद में नौटंकी करना ही राहुल गांधी का एजेंडा है। इतना ही नहीं, वोट बैंक की राजनीति के लिए बाहरी लोगों तक को वोटर बनाने की साजिश रचने का भी उन्होंने आरोप लगाया।

“लखीसराय की घटना जंगलराज की झलक”

लखीसराय की हालिया घटना का ज़िक्र करते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा के बहाने फिर से “जंगलराज” की झलक दिखाने की कोशिश की गई। सरकारी कर्मचारियों से बदसलूकी और गुंडागर्दी को उन्होंने “जंगलराज की पाठशाला” बताया।

सिन्हा का कहना था कि बिहार अब लालू प्रसाद की नौटंकी का नहीं, बल्कि नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सुशासन” का दौर है।

“देश के लिए अभिशाप”

राहुल गांधी को सीधे-सीधे “देश के लिए अभिशाप” करार देते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, वरना लोकतंत्र की जड़ें कमजोर होंगी।

विकास की गंगा बहाने की तैयारी

राजनीतिक बयानबाज़ी के बीच विजय सिन्हा ने यह भी घोषणा की कि 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिमरिया गंगा नदी पर बने सिक्स लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। इसे उन्होंने बिहार में “विकास की गंगा” बहाने का प्रतीक बताया।