मोदी ने जनसेवा को बनाया सुशासन का मॉडल, सबसे लंबे निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बोले विजय सिन्हा
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि नरेंद्र मोदी की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता जनसेवा, पारदर्शिता और सुशासन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने निरंतर परिश्रम, स्पष्ट नीति और मजबूत नेतृत्व के बल पर जनता का विश्वास हासिल किया है, जिसकी वजह से वे देश के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल हुए हैं।
कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और हर घर जल जैसी पहलों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों तक सहायता पहुंचाकर पारदर्शी शासन का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
डिजिटल इंडिया अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत आज डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है। तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार से आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है।
विजय सिन्हा ने कृषि क्षेत्र में हुए बदलावों को प्रधानमंत्री के नेतृत्व की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में कृषि बजट में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, खाद्यान्न उत्पादन बढ़ा है और किसानों को बाजार, तकनीक तथा वित्तीय सहायता के बेहतर अवसर मिले हैं। उनके अनुसार बिहार में भी कृषि क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है और राज्य मखाना, मशरूम, शहद तथा कई अन्य कृषि उत्पादों के उत्पादन में अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ बिहार के लाखों किसानों को मिल रहा है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
कृषि मंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित करता रहेगा तथा भारत वैश्विक स्तर पर और अधिक मजबूत स्थिति में पहुंचेगा।







