भागलपुर से विजय सिन्हा का सख़्त संदेश: ज़मीन पर इंसाफ़, अफसरों पर शिकंजा और सियासत में आक्रामक तेवर
Bihar political update: रविवार की रात भागलपुर की सरज़मीं सियासी जोश और जनता के भरोसे की गवाह बनी, जब बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा शहर पहुंचे। चिन्मया होटल में 55 सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों की ओर से आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में भारी भीड़ उमड़ी। यह नज़ारा सत्ता और आम लोगों के बीच मज़बूत होते भरोसे को साफ़ बयां कर रहा था।
अभिनंदन से अभिभूत डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने मंच से स्पष्ट किया कि यह सम्मान उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि एनडीए की प्रचंड जीत और जनता के विश्वास की मुहर है। उन्होंने आयोजकों और भागलपुरवासियों का तहेदिल से आभार जताया।
सम्मान समारोह के बाद विजय सिन्हा सीधे एक्शन मोड में दिखे। सोमवार को टाउन हॉल में आयोजित भूमि सुधार जन-कल्याण संवाद कार्यक्रम में वे खुद आम लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। ज़मीन और राजस्व से जुड़े कई मामलों का मौके पर ही निपटारा कराया जा रहा है। इसके बाद समीक्षा भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों पर सख़्ती से कार्रवाई के निर्देश देने का कार्यक्रम है।
डिप्टी सीएम ने दो टूक शब्दों में कहा कि “आम लोगों की ज़मीन पर गिद्ध दृष्टि रखने वालों को अब पीछे हटना होगा।” उन्होंने बताया कि विभागीय हेल्पलाइन जारी कर दी गई है और आने वाले समय में भूमि माफियाओं पर लगाम कसने के लिए और सख़्त क़ानून बनाए जाएंगे। कमिश्नरी स्तर पर भूमि विवादों के त्वरित निपटारे को लेकर बड़े फैसले जल्द होंगे, जिनकी समीक्षा इसी महीने की जाएगी।
प्रशासनिक सख़्ती के साथ विजय सिन्हा ने धार्मिक आस्था से भी जुड़ाव दिखाया। सोमवार की शाम बूढ़ानाथ मंदिर परिसर में आयोजित भागवत कथा का उद्घाटन कर उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।
आपको बता दें कि, भागलपुर दौरे के ज़रिये विजय सिन्हा ने साफ़ संदेश दे दिया है ज़मीन पर इंसाफ़, प्रशासन में अनुशासन और सियासत में आक्रामक रुख़ ही आने वाले दिनों की नई कार्यशैली होगी।







