Newshaat_Logo

विकासशील इंसान पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं में उत्साह, मनाया जश्न, अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का किया आह्वान

विकासशील इंसान पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आज बुधवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया
 
मुकेश साहनी

पटना: विकासशील इंसान पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आज बुधवार को पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। पटना और लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालयों में स्थापना दिवस को लेकर विशेष तैयारियां की गई थीं। कार्यालय परिसर को रंगीन बल्बों से सजाया गया। 

उत्साहित कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर, जमकर आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर स्थापना दिवस की खुशियां मनाईं। दोनों कार्यालयों में आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर पार्टी के संस्थापक और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने विकासशील इंसान पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों तथा बिहार और उत्तर प्रदेश के समर्थकों को स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज यह पार्टी आठ वर्ष की हो गई है। 

उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना जिन उद्देश्यों और विचारों को लेकर की गई थी, उन्हें पूरा करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना है।

मुकेश सहनी ने कहा कि विकासशील इंसान पार्टी का उद्देश्य समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों को उनका हक और अधिकार दिलाना है। पार्टी हमेशा से निषाद समाज सहित समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद करती रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि निषाद समाज के आरक्षण का सवाल केवल एक मांग नहीं, बल्कि समाज के लोगों के अधिकार और सम्मान से जुड़ा विषय है। निषादों का आरक्षण हमारा अधिकार है और इस अधिकार को हासिल करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। जब तक समाज को उसका उचित अधिकार नहीं मिल जाता, तब तक पार्टी अपने प्रयासों से पीछे नहीं हटेगी।

सहनी ने कहा कि स्थापना दिवस पार्टी के लिए केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि अपने संकल्पों को दोहराने और संगठन को मजबूत करने का भी दिन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और समाज के हर वर्ग तक पहुंचने तथा लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता और समर्थक हैं। उनके समर्पण और मेहनत से ही संगठन लगातार आगे बढ़ रहा है। स्थापना दिवस पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से सामाजिक न्याय, समान अवसर और अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।