Newshaat_Logo

पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले VIP का वार- “निषादों को आरक्षण कब मिलेगा?”

 
पीएम मोदी के बिहार दौरे से पहले VIP का वार- “निषादों को आरक्षण कब मिलेगा?”

Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी बढ़ने लगी है और नेताओं के बयानबाज़ी से माहौल और भी गरमाता जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार के पूर्णिया पहुंचने वाले हैं, जहां से वे कई विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। लेकिन उनके आगमन से पहले ही सहयोगी दल विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने निषाद समाज के आरक्षण मुद्दे पर बड़ा सवाल उठाकर राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है।

“पीएम मोदी बताएँ, निषादों का गुनाह क्या है?”

वीआईपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार में स्वागत है, लेकिन साथ ही उन्हें यह जवाब भी देना होगा कि बिहार के निषाद समाज को आरक्षण कब मिलेगा? उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “देश के कई राज्यों में निषादों को आरक्षण का लाभ मिल रहा है, लेकिन बिहार के निषाद अब भी अपने हक के लिए तरस रहे हैं। आखिर बिहार के निषादों ने कौन-सा गुनाह किया है?”

एनडीए पर बरसी वीआईपी, चेतावनी का भी दिया संदेश

वीआईपी ने साफ शब्दों में एनडीए को चेतावनी दी कि अगर निषाद समाज की मांगों की अनदेखी जारी रही तो आने वाले चुनाव में इसका असर ज़रूर दिखेगा। देव ज्योति ने कहा, “इस बार निषाद सिर्फ़ वोट बैंक बनकर नहीं रहेंगे, बल्कि सत्ता में हिस्सेदारी भी तय करेंगे। अगर आरक्षण नहीं मिला, तो निषाद समाज एनडीए को सत्ता से बाहर कर इसका जवाब देगा।”

चुनावी मौसम में बड़ा सियासी संदेश

राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी का यह रुख एनडीए गठबंधन के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है। क्योंकि सीमांचल और मिथिलांचल इलाके में निषाद समाज की संख्या चुनावी लिहाज़ से निर्णायक मानी जाती है। ऐसे में आरक्षण का मुद्दा बिहार चुनाव में नया समीकरण बना सकता है।