Movie prime

छातापुर में संगठन को मजबूती को लेकर वीआईपी पार्टी की अहम बैठक

 

पनोरमा ग्रुप के निदेशक संजीव मिश्रा के विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) में शामिल होने के बाद, छातापुर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने के लिए बुधवार को पनोरमा हॉस्पिटल के प्रांगण में वीआईपी पार्टी की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में राष्ट्रीय युवा परिषद के अध्यक्ष चंदन कुमार साहनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "पार्टी को मजबूत बनाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होती है। हमारा लक्ष्य बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करना है।" उन्होंने यह भी कहा कि एनडीए सरकार से जनता अब ऊब चुकी है, और आगामी चुनाव से पहले वीआईपी पार्टी को बूथ स्तर पर सबसे मजबूत बनाना हमारी प्राथमिकता है। 

वहीं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ब्रह्मदेव चौधरी ने कहा कि संगठन के मजबूती को लेकर हमारे नेता लगातार काम कर रहे हैं, वीआईपी पार्टी में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे बड़ी है, कार्यकर्ताओं के बदौलत ही आज आज पार्टी इस मुकाम पर है। 

बैठक में पार्टी की संगठनात्मक संरचना, रणनीति, और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर गहन चर्चा हुई। इस दौरान स्थानीय पदाधिकारियों के साथ विमर्श कर विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत बनाने के लिए विस्तृत योजना बनाई गई।

इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं और रणनीतियां तय की गईं। बैठक में स्थानीय और राष्ट्रीय नेताओं की उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में नया जोश और उत्साह भरा। मौके पर वीआईपी पार्टी के शंभु कुमार मुखिया, संजय मुखिया, उमेश साहनी, पवन साहनी, चंदन साहनी, रंभू मुखिया, राजेश मुखिया सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। जानकारी विकाश कुमार ने दी।