Newshaat_Logo

वोटर अधिकार यात्रा का महामंच: राहुल-प्रियंका-तेजस्वी संग हेमंत सोरेन भी दिखाएंगे विपक्षी ताकत, क्या बिहार की राजनीति में बदलेगा खेल?

 
वोटर अधिकार यात्रा का महामंच: राहुल-प्रियंका-तेजस्वी संग हेमंत सोरेन भी दिखाएंगे विपक्षी ताकत, क्या बिहार की राजनीति में बदलेगा खेल?

Patna: बिहार की राजनीति इन दिनों कांग्रेस की वोटर अधिकार यात्रा के इर्द-गिर्द केंद्रित है। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चल रही यह यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर है। 1 सितंबर को पटना के गांधी मैदान में विशाल रैली के साथ इस अभियान का समापन होगा। कांग्रेस इसे ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में है और इसके लिए गैर-एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया है।

इसी कड़ी में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पटना आना तय है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, सोरेन गांधी मैदान से महागठबंधन की ताकत का प्रदर्शन करते हुए जनता को संबोधित करेंगे। उनके साथ झारखंड सरकार में कांग्रेस कोटे के मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

झामुमो महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि “हेमंत सोरेन की लोकप्रियता बिहार में भी बढ़ी है। यही वजह है कि यहां उनके आने की मांग उठ रही थी। यह रैली न सिर्फ महागठबंधन की एकजुटता का संदेश देगी, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनाव में विपक्ष की गंभीर तैयारी को भी दिखाएगी।”

यात्रा अब तक दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सुपौल और पूर्णिया समेत कई जिलों से गुजर चुकी है। हर जगह राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी और तेजस्वी यादव ने जनता से सीधा संवाद किया। भीड़ का उत्साह और गूंजते नारे इसे विपक्ष का सबसे बड़ा अभियान बना रहे हैं।

1 सितंबर की रैली को लेकर अब राजनीतिक हलकों में उत्सुकता बढ़ गई है। क्या गांधी मैदान की भीड़ विपक्ष की एकजुटता को ठोस ताकत में बदल पाएगी, या फिर यह सिर्फ शक्ति-प्रदर्शन तक ही सीमित रह जाएगी—यह देखना दिलचस्प होगा।