Newshaat_Logo

लालू-राबड़ी के नए घर में कैसा है किचन गार्डन? तेजप्रताप ने दिखाया मां का खास बगीचा, उगाई जा रहीं कई तरह की सब्जियां

राबड़ी आवास खाली करने के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं।
 
तेज प्रताप

राबड़ी आवास खाली करने के बाद आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी कौटिल्य नगर स्थित अपने नए आवास में शिफ्ट हो गए हैं। अब उनके नए घर की झलक सामने आई है। लालू-राबड़ी के नए आशियाने में क्या-क्या खास है और वहां राबड़ी देवी किस तरह फल-सब्जियों की खेती करती हैं, इसकी जानकारी उनके बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने अपने नए वीडियो ब्लॉग के जरिए दी है।

तेजप्रताप यादव ने अपने नए ब्लॉग में मां राबड़ी देवी के हाथों तैयार किए गए किचन गार्डन की सैर कराई है। वीडियो में वह नए आवास के बगीचे को दिखाते नजर आ रहे हैं, जहां राबड़ी देवी खुद पेड़-पौधों की देखभाल करने से लेकर सब्जियां उगाने तक का काम करती हैं।

वीडियो की शुरुआत में तेजप्रताप यादव नए आवास में प्रवेश करते दिखाई देते हैं। इस दौरान वह बताते हैं कि घर में साफ-सफाई का काम चल रहा है। इसके बाद वह कैमरा लेकर बगीचे की ओर बढ़ते हैं और दर्शकों को वहां उगाई जा रही सब्जियों के बारे में बताते हैं।

तेजप्रताप अपनी मां राबड़ी देवी से पूछते हैं कि उन्होंने बगीचे में कौन-कौन सी सब्जियां लगाई हैं। इस पर राबड़ी देवी खुद बगीचे में जाकर अलग-अलग पौधों और फसलों के बारे में बताती हैं। वह दिखाती हैं कि उनके किचन गार्डन में सरसों, चना, फूलगोभी, आलू, टमाटर, बैंगन और कद्दू जैसी सब्जियां उगाई जा रही हैं। इसके अलावा पालक, भिंडी समेत कई तरह की हरी सब्जियां भी बगीचे में लगी हुई हैं।

तेजप्रताप वीडियो में यह भी बताते हैं कि बगीचे में पेड़-पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का ज्यादातर काम उनकी मां खुद करती हैं। इस तरह राबड़ी देवी ने नए आवास में भी अपने शौक को बरकरार रखा है और घर के परिसर में ही किचन गार्डन तैयार कर लिया है।

वीडियो ब्लॉग में तेजप्रताप यादव घर के पालतू कुत्ते थॉर से भी मुलाकात कराते हैं। वह बताते हैं कि थॉर घर और उनकी मां राबड़ी देवी की रखवाली करता है। तेजप्रताप का यह वीडियो अब लालू-राबड़ी के नए आवास और वहां बने किचन गार्डन की झलक दिखाने को लेकर चर्चा में है।