‘NDA छोड़कर क्या करूं, RJD को समर्थन दे दूं?’ सम्राट सरकार पर सवाल उठाने को लेकर चिराग पासवान का बड़ा बयान
केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार की सम्राट चौधरी सरकार पर सवाल उठाने और एनडीए गठबंधन में अपनी भूमिका को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने साफ कहा कि वह एनडीए में रहकर एक पहरेदार और चौकीदार की भूमिका निभा रहे हैं। सरकार में शामिल होने का मतलब यह नहीं है कि गलत मुद्दों पर भी चुप रहा जाए।
चिराग पासवान ने एक कार्यक्रम में कहा कि बिहार विधानसभा में उनकी पार्टी के केवल 19 विधायक हैं, जबकि विधानसभा की कुल सीटें 243 हैं। ऐसे में उनकी राजनीतिक और विधायी ताकत सीमित है। इसके बावजूद वह उन मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे, जिन्हें वह गलत मानते हैं।
चिराग पासवान ने कहा कि सीमित संख्या में विधायक होने के बावजूद वह अपनी जिम्मेदारी निभाने का प्रयास कर रहे हैं। उनके मुताबिक, भले ही किसी मुद्दे पर सरकार को रोकने की क्षमता न हो, लेकिन कम से कम उसके खिलाफ आवाज तो उठाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि वह किसी भी मुद्दे पर सरकार को आसानी से वॉकओवर नहीं दे सकते। अगर कोई चीज गलत है तो उसे गलत कहना जरूरी है। उनकी आवाज के मायने भले ही तत्काल दिखाई न दें, लेकिन वह अपनी बात रखने से पीछे नहीं हटेंगे।
जब चिराग पासवान से पूछा गया कि अगर उन्हें सम्राट चौधरी सरकार से इतनी ही परेशानी है तो वह एनडीए गठबंधन क्यों नहीं छोड़ देते, तो उन्होंने इस सवाल का जवाब भी बेबाकी से दिया।
चिराग ने कहा, ‘फिर क्या करूं? एनडीए छोड़कर क्या करूं? आरजेडी को समर्थन दे दूं क्या? सरकार का हिस्सा होकर कम से कम चीजों को सुधारने की कोशिश तो कर सकता हूं। भले ही सीमित क्षमता में ही सही।’
उनके इस बयान से उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार में रहते हुए भी अपनी असहमति जाहिर करना उनकी राजनीतिक भूमिका का हिस्सा है।
चिराग पासवान ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ गठबंधन की संभावनाओं को भी खारिज किया। उन्होंने लालू प्रसाद यादव के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए कहा कि वह आरजेडी के साथ कभी गठबंधन नहीं करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि उन्हें साल 2020 और 2024 में भी आरजेडी की ओर से गठबंधन के प्रस्ताव मिले थे, लेकिन उन्होंने इन्हें स्वीकार नहीं किया।
चिराग ने कहा कि उनका समर्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति है। वह ऐसा कोई राजनीतिक फैसला नहीं लेंगे, जिससे उनकी विचारधारा और प्रतिबद्धता प्रभावित हो।
चिराग पासवान के इस बयान से बिहार की राजनीति में उनकी भूमिका एक बार फिर चर्चा में आ गई है। एक तरफ उनकी पार्टी एनडीए सरकार का हिस्सा है, वहीं दूसरी तरफ वह कानून-व्यवस्था और गठबंधन से जुड़े मुद्दों पर सरकार के सामने सवाल उठाते रहे हैं।
चिराग का कहना है कि उनकी पार्टी के पास फिलहाल सीमित विधायक हैं, लेकिन सरकार में भागीदारी के जरिए व्यवस्था में सुधार की कोशिश करना और गलत मुद्दों पर आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है।







