'1800 स्पेशल ट्रेन कहां गईं?' प्रशांत किशोर ने PM मोदी से पूछे सवाल, बोले- जानवरों की तरह सफर कर रहे बिहारी
पटना: जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे जैसे लोगों को जब कोई पूछने वाला नहीं होता, तब वे उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को गाली देकर मीडिया में जगह बनाने की कोशिश करते हैं। प्रशांत किशोर ने कहा कि अगर महाराष्ट्र में हिंदी भाषी लोगों के साथ किसी तरह की गलत घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी वहां की सरकार की होगी। महाराष्ट्र में बीजेपी की सरकार है, इसलिए हिंदी भाषी लोगों को बीजेपी से सवाल पूछना चाहिए।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे को लेकर भी प्रशांत किशोर ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान बिहार के लोगों को सिर्फ बड़ी-बड़ी और लच्छेदार बातें सुनने को मिलेंगी। लेकिन बिहार की बुनियादी समस्याओं पर कोई ठोस जवाब नहीं मिलेगा।
प्रशांत किशोर ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री यह नहीं बताएंगे कि बिहार के लोगों को हर साल आने वाली बाढ़ से कब मुक्ति मिलेगी? राज्य में शिक्षा व्यवस्था और रोजगार के अवसर कैसे बेहतर होंगे? उन्होंने छठ पर्व के दौरान यात्रियों की परेशानी का मुद्दा भी उठाया।
उन्होंने कहा कि छठ के लिए 1800 स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई थी, लेकिन ये ट्रेनें कहां हैं? आज भी बिहार लौटने वाले लोगों को ट्रेनों में जानवरों की तरह लटककर सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को सिर्फ घोषणाएं करने के बजाय बिहार की जनता की वास्तविक समस्याओं का जवाब देना चाहिए।







