प्रशांत किशोर कौन हैं? रामकृपाल यादव का तंज, बोले- उनके उम्मीदवार को लोग जानते भी नहीं
बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। आज चुनाव प्रचार का आखिरी दिन है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव का एक बयान चर्चा में आ गया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर सवाल पूछे जाने पर रामकृपाल यादव ने ऐसा जवाब दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।
दरअसल, पटना में पत्रकारों ने रामकृपाल यादव से एमएलसी चुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों को लेकर सवाल पूछा। इस पर मंत्री ने कहा, 'कौन हैं प्रशांत किशोर? वो वही हैं, जो चुनाव में हार गए।'
हालांकि, जब पत्रकारों ने उन्हें याद दिलाया कि प्रशांत किशोर की पार्टी चुनाव में जीत भी दर्ज कर चुकी है, तो रामकृपाल यादव ने तुरंत अपनी बात आगे बढ़ाई। उन्होंने कहा, 'हां, तो उनकी पार्टी सब...' इसके बाद मंत्री ने पत्रकारों से ही सवाल कर दिया कि क्या प्रशांत किशोर का कोई उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहा है? जब पत्रकारों ने बताया कि जन सुराज के प्रत्याशी मैदान में हैं, तो उन्होंने कहा कि इसीलिए तो बोल रहे हैं कि उनके उम्मीदवारों को कोई जानता भी नहीं है।
रामकृपाल यादव का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब बिहार में विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प बना हुआ है। इन सीटों में चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। स्नातक सीटों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं।
चुनाव प्रचार आज शाम 5 बजे समाप्त हो जाएगा। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा, जबकि 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। चुनाव के लिए राज्य में 900 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं और करीब 150 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इस चुनाव में जन सुराज पार्टी की एंट्री ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। अब देखना होगा कि चुनावी मैदान में किस पार्टी के उम्मीदवार बाजी मारते हैं और नेताओं के दावों का मतदाताओं पर कितना असर पड़ता है।







