जेल से बाहर आएंगे अनंत सिंह या अभी सलाखों के पीछे काटने होंगे दिन? आज होगी सुनवाई

मोकामा शूटआउट केस में पूर्व विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका पर आज फिर से सुनवाई होगी। पिछली सुनवाई 30 जनवरी को हुई थी। हियरिंग के दौरान पटना सिविल कोर्ट के ACJM 1 की कोर्ट ने इस मामले में पुलिस से केस डायरी की मांग की थी।
24 जनवरी से पूर्व विधायक जेल में बंद हैं। 22 जनवरी की शाम मोकामा के नौरंगा में फायरिंग हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने अनंत सिंह पर आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास समेत दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस कर्मियों से धक्का मुक्की करने, गाली गलौज और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।
जेल जाने से पहले अनंत सिंह ने कहा था कि 'जनता पर जुल्म होगा तो वो चुप नहीं रहेंगे। वो जेल जाने से डरते नहीं हैं।' मोकामा गोलीबारी केस में पुलिस ने 24 जनवरी को गैंगस्टर सोनू और अनंत सिंह के समर्थक रौशन को गिरफ्तार किया था। इसके कुछ देर बाद पूर्व विधायक ने बाढ़ कोर्ट में सरेंडर किया था। कोर्ट ने उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया था।

22 जनवरी बुधवार की शाम पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह अपने समर्थकों के साथ नौरंगा गांव पहुंचे थे। वहां गैंगस्टर सोनू-मोनू और अनंत समर्थकों के बीच फायरिंग हुई थी। इस दौरान 100 राउंड फायरिंग होने की बात कही जा रही थी। फायरिंग का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हुआ था। 53 सेकेंड के वीडियो में 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनी जा सकती है।
ग्रामीण SP विक्रम सिहाग ने बताया था, 'बुधवार सुबह में हेमजा गांव के मुकेश सिंह के घर पर सोनू-मोनू की ओर से पैसे के लेन-देन को लेकर ताला मार दिया गया। इसी समस्या का समाधान करने के लिए अनंत सिंह यहां आए थे।'
'पूर्व विधायक अनंत सिंह के समर्थकों और स्थानीय मुखिया उर्मिला देवी के बेटे सोनू और मोनू के बीच फायरिंग हुई।'