क्या आज ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे नीतीश कुमार या कोई और वजह? बिहार में सियासी हलचल हुई तेज..राजनीतिज्ञ से लेकर जनता तक की निगाहें...
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में शनिवार सुबह अचानक हलचल बढ़ गई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे। उनके इस आकस्मिक दौरे के बाद सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि राज्यसभा चुनाव में नामांकन के बाद यह पहली बार है जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन पहुंचे हैं। इसी कारण राजनीतिक हलकों में यह अटकलें तेज हो गई हैं कि वे जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
राजभवन में राज्यपाल से मुलाकात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार सुबह राजभवन पहुंचकर राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की. इस मुलाकात को आधिकारिक तौर पर शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक जानकार इसे बड़े राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़कर देख रहे हैं.
बता दें कि बिहार में राज्यपाल के पद को लेकर हाल ही में बड़ा बदलाव हुआ है. केंद्र सरकार ने मौजूदा राज्यपाल को हटाने का फैसला किया है और नए राज्यपाल के नाम की घोषणा भी कर दी गई है. हालांकि नए राज्यपाल का आगमन अभी तक औपचारिक रूप से नहीं हुआ है. इस वजह से मौजूदा राज्यपाल के विदाई समारोह से पहले मुख्यमंत्री उनसे मिलने राजभवन पहुंचे.
राजनीतिक जानकार मानते हैं कि यह मुलाकात केवल शिष्टाचार भेंट तक सीमित नहीं हो सकती. नीतीश कुमार का राज्यसभा नामांकन पर्चा पहले ही दाखिल किया जा चुका है. अगर वे राज्यसभा सदस्य के रूप में दिल्ली की राजनीति में सक्रिय होते हैं, तो उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा. इसी कारण उनके राजभवन आने के बाद इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं.
पार्टी और राज्य की राजनीति पर असर
बिहार की राजनीति में यह मुलाकात काफी अहम मानी जा रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यदि नीतीश कुमार वास्तव में राज्यसभा जाने की तैयारी कर रहे हैं, तो आने वाले दिनों में राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है.
यदि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा होता है, तो राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की स्थिति बन सकती है और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के भीतर नए नेतृत्व को लेकर मंथन शुरू हो सकता है. हालांकि अभी तक पार्टी की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिए गए हैं.
उधर, राजभवन में मौजूदा राज्यपाल के विदाई समारोह की तैयारियां भी चल रही हैं. नए राज्यपाल के आगमन से पहले उनके सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसी क्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनसे मिलने राजभवन पहुंचे हैं.







