Movie prime

जीतेंगे या हारेंगे सुनील सिंह? बिस्कोमान के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तारीख घोषित

 

बिस्कोमान के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की तारीख घोषित कर दी गई है। जानकारी अनुसार बिस्कोमान के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव 28 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। सहकारिता प्राधिकार ने बुधवार को इस संबंध में एक आधिकारिक पत्र जिला प्रशासन को भेजा है। दोनों पदों के लिए  27 फरवरी को नामांकन होना है। 

प्राधिकार से निर्देश मिलने के बाद जिला प्रशासन ने चुनाव कराने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। 27 फरवरी को दोनों पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार, 28 फरवरी को मतदान और मतगणना दोनों प्रक्रियाएं संपन्न कराई जाएंगी। इससे पहले, 24 जनवरी को निदेशक मंडल के 17 पदों के लिए मतदान और मतगणना हुई थी। कुछ उम्मीदवारों की आपत्तियों के चलते 30 जनवरी को दोबारा मतगणना कराई गई थी, जिसके बाद निर्वाचित सदस्यों की अंतिम सूची जारी की गई।

प्रबंध निदेशक मंडल में कुल 17 निर्वाचित सदस्य हैं, जबकि चार सदस्य सरकार द्वारा मनोनीत किए गए हैं। इस पर चर्चा चल रही थी कि क्या मनोनीत सदस्य भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान कर सकते हैं। पिछले 15 दिनों से सहकारिता प्राधिकार और जिला प्रशासन के अधिकारी इस मुद्दे पर विचार कर रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि प्राधिकार जो भी निर्णय लेगा, उसी के अनुसार मनोनीत सदस्यों के मतदान को लेकर अंतिम फैसला किया जाएगा।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव गांधी मैदान स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित किया जाएगा। चुनाव को लेकर दो गुटों में जोरदार हलचल देखी जा रही है। प्रत्याशी अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं, जिससे चुनावी माहौल बेहद गर्म हो गया है। 

News Hub