बांकीपुर उपचुनाव में बढ़ेगा सियासी रोमांच? प्रशांत किशोर के प्रचार के लिए विजय थलपति के पटना आने की चर्चा तेज
Political News: पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव लगातार दिलचस्प होता जा रहा है। चुनावी सरगर्मियों के बीच अब एक नई राजनीतिक चर्चा ने माहौल को और गर्म कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय थलपति जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए बिहार आ सकते हैं। हालांकि, इस संभावित दौरे को लेकर अभी तक न तो जन सुराज की ओर से और न ही विजय थलपति की तरफ से कोई आधिकारिक घोषणा की गई है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान विजय थलपति की चुनावी रणनीति तैयार करने में प्रशांत किशोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। इसी वजह से अब यह कयास लगाए जा रहे हैं कि विजय थलपति बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर के पक्ष में प्रचार कर सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो यह चुनाव राष्ट्रीय स्तर पर भी खासा चर्चित हो सकता है।
इधर, प्रशांत किशोर को तृणमूल कांग्रेस सांसद और बॉलीवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का खुला समर्थन भी मिल चुका है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए मतदाताओं, विशेषकर युवाओं से जाति, धर्म और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करने की अपील की। अपने संदेश में उन्होंने “जय बिहार, जय हिंद” का नारा भी दिया।
बांकीपुर सीट का चुनाव इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में इसी सीट से मैदान में उतरे थे, लेकिन उन्हें भाजपा के नितिन नवीन से हार का सामना करना पड़ा था।
वहीं, उपचुनाव के लिए सभी प्रमुख दलों ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने लंबे समय से संगठन से जुड़े अभिषेक कुमार ‘बंटी’ को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी को उम्मीद है कि उनका संगठनात्मक अनुभव और क्षेत्र में मजबूत पकड़ भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएगी। दूसरी ओर राष्ट्रीय जनता दल ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है, जबकि जन सुराज की ओर से खुद प्रशांत किशोर चुनाव लड़ रहे हैं।
ऐसे में बांकीपुर का उपचुनाव अब भाजपा, राजद और जन सुराज के बीच त्रिकोणीय मुकाबले में बदल चुका है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या विजय थलपति वास्तव में पटना पहुंचकर प्रशांत किशोर के लिए चुनाव प्रचार करेंगे या यह चर्चा केवल राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित रहेगी। फिलहाल सभी की नजर संभावित चुनावी प्रचार और आधिकारिक घोषणाओं पर टिकी हुई है।







