RCP सिंह फिर होंगे JDU में शामिल? एक मुलाकात ने बदल दिया सियासी माहौल
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में एक बार फिर पूर्व केंद्रीय मंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह की संभावित वापसी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. ऐसा इसलिए कहा जा रहा है क्योंकि शनिवार यानी आज पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की. हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और आरसीपी सिंह को लेकर उठी अटकलों के बीच यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि क्या उनकी JDU में दोबारा एंट्री हो सकती है.

7 सर्कुलर रोड पहुंचे आरसीपी सिंह
आरसीपी सिंह अपने समर्थकों के साथ नीतीश कुमार के 7, सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास पहुंचे. मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी दी. उन्होंने लिखा कि “हमारे नेता नीतीश बाबू से भेंट हुई. उनसे आत्मीय बातचीत हुई.” इसके साथ उन्होंने मुलाकात की तस्वीर भी शेयर की.
आज बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ,जनता दल (यूनाइटेड)के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद, हमारे नेता आदरणीय नीतीश बाबू से भेंट हुई। उनसे बात चीत हुई। मुलाक़ात बहुत आत्मीय रही। pic.twitter.com/LBCwAJ0Jhy
— RCP Singh (@RCP_Singh) June 27, 2026
आरसीपी सिंह बोले- हम JDU में ही है, मान कर यही चलिए
नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद आरसीपी सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि 25 साल से जायदा हमने साथ काम किया है. 2005 से 2010 तक हमने बिहार सरकार के स्वर्णिम काल में साथ काम किया है. नीतीश बाबू ने जो सोचा था वह अब हो रहा है. JDU में वापसी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि हम JDU में ही है, मान कर यही चलिए.
![]()
कभी थे सबसे करीबी सहयोगी
आरसीपी सिंह लंबे समय तक नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे. लेकिन केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद दोनों नेताओं के रिश्तों में दूरी आ गई. बाद में उन्होंने जदयू छोड़ दी. इसके बाद आरसीपी सिंह ने अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई, लेकिन बिहार की राजनीति में उन्हें अपेक्षित सफलता नहीं मिली.
पिछले कुछ महीनों से आरसीपी सिंह कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि नीतीश कुमार और उनके परिवार से उनके व्यक्तिगत रिश्ते कभी खत्म नहीं हुए. हाल ही में वह पूर्व मुख्यमंत्री के एक सार्वजनिक कार्यक्रम में भी नजर आए थे. इसके बाद से ही उनकी जदयू में वापसी की चर्चा चल रही थी.
क्या होगी जदयू में वापसी?
फिलहाल जदयू और आरसीपी सिंह, दोनों की ओर से वापसी को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. पार्टी नेतृत्व भी अब तक इस संभावना से इनकार करता रहा है. हालांकि शनिवार की इस मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. आने वाले दिनों में आरसीपी सिंह की राजनीतिक भूमिका क्या होगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है.







