राबड़ी देवी का नीतीश सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर आरोप, कहा- सरकार इसपर जवाब नहीं दे रही है, जबकि आपराधिक घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है...
Bihar Vidhan Sabha: बिहार विधानमंडल के बजट सत्र का आज आठवां दिन है. आज भी बढ़ते अपराध और नीट छात्रा हत्याकांड को लेकर विपक्ष हमलावर है. राबड़ी देवी के नेतृत्व में आरजेडी के विधान पार्षदों ने विधान परिषद के मुख्य दरवाजे पर प्रदर्शन किया. पूर्व सीएम ने कहा कि ये सरकार बहरी हो चुकी है, इनको लोगों की चीख-पुकार सुनाई नहीं पड़ रही है.
विधान परिषद में आरजेडी का प्रदर्शन: विधानमंडल की कार्यवाही शुरू होने से पहले आज दोनों सदन में विपक्ष ने कानून व्यवस्था को लेकर जमकर हंगामा किया. बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी की अगुवाई में सदस्यों ने जमकर बवाल काटा और सरकार विरोधी नारे भी लगाए.
'सरकार बहरी हो गई है..': इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने साफ-साफ कहा कि लगातार बिहार में बच्चियों के साथ दुष्कर्म हो रहा है. महिलाओं के साथ अपराध बढ़े हैं लेकिन सरकार सदन में इसको लेकर कोई जवाब नहीं दे रही है. उन्होंने कहा कि ये सरकार बहरी हो गई है. हम लोग चाहते हैं कि सदन में सरकार चुप्पी तोड़े.
सरकार को जवाब देना होगा: पूर्व सीएम ने कहा कि हम सरकार से जवाब चाहते हैं, इसीलिए सदन के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब तक सरकार बिहार में महिलाओं की सुरक्षा पर जवाब नहीं देगी, हमलोग इसी तरह आवाज उठाते रहेंगे.
"ये सरकार हर तरह से फेल हो चुकी है. हर क्षेत्र में बिहार फिसड्डी है. अपराध लगातार बढ़ रहा है लेकिन ये सरकार किसी की नहीं सुन रही है. बहरी सरकार है, इसलिए हमलोग प्रदर्शन कर रहे हैं. हमलोग जनता की आवाज उठाते रहेंगे."- राबड़ी देवी, पूर्व सीएम सह नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद
विधानसभा से तेजस्वी गायब: एक तरफ जहां राबड़ी देवी लगातार विधान परिषद में एक्टिव नजर आ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादल सदन की कार्यवाही से दूर रह रहे हैं. राज्यपाल के अभिभाषण के धन्यवाद प्रस्ताव के बाद से वह नहीं आ रहे हैं.







