बिहार: MLC चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर फंसता जा रहा है पेंच, मुकेश सहनी को एक भी सीट नहीं 

 

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने के साथ-साथ बिहार में भी एमएलसी चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर भाजपा और जदयू के बीच पेंच फंसता नजर आ रहा है। जहां एक तरफ उत्तर प्रदेश में अभी तक भाजपा और जदयू गठबंधन को लेकर कोई स्पष्ट फैसला नहीं लिया गया है। वहीं बिहार में होने वाले एमएलसी चुनाव को लेकर भी संशय बरकरार है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा बिहार सरकार में मंत्री मुकेश सहनी की पार्टी विकासशील इंसान पार्टी ( वीआईपी) से नाराज चल रही है। भाजपा ने वीआईपी को एक भी सीट नहीं देने का मन बनाया है। 

भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने दिल्ली में विधान परिषद चुनाव को लेकर चर्चा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर संजय जयसवाल और बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने मुलाकात की और इस दौरान परिषद चुनाव को लेकर चर्चा भी हुई। खबरों की मानें तो भाजपा विधान परिषद चुनाव के 24 सीटों में से 13 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है। वहीं जदयू के खाते में 11 सीट देने पर विचार चल रहा है। सीट बंटवारे के इस जोड़-घटा के पीछे भाजपा का यह तर्क है कि पिछली बार उसकी पार्टी ने 13 सीटों पर जीत हासिल किया था। लिहाजा इस बार भी उसे 13 सीटों पर ही चुनाव लड़ना चाहते हैं। जबकि जदयू 12-12 का फॉर्मूला चाहती है।  

इधर, भाजपा मुकेश सहनी से नाराज चल रही है। भाजपा वीआईपी को एमएलसी चुनाव में एक भी सीट देने के मूड में नहीं है। भाजपा और वीआईपी के बीच तकरार बढ़ता जा रहा है। वहीं जीतन राम मांझी की पार्टी हम सेक्युलर ने भी 2 सीटों की मांग की है लेकिन भाजपा चाहती है कि इस मांग पर फैसला जदयू करे। पिछले हफ्ते उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद इसी सिलसिले में दिल्ली आए थे। वहां उन्होंने बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय जायसवाल से मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों नेताओं ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की थी। लेकिन अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया गया है।  

बिहार: पुरानी पाबंदियां ही लागू रहेंगी, नाईट कर्फ्यू अब 6 फरवरी- http://newshaat.com/bihar-local-news/bihar-old-restrictions-will-remain-in-force-night-curfew-no/cid6278577.htm