CM नीतीश से नहीं संभल रहा है बिहार, लागू हो राष्ट्रपति शासन: चिराग पासवान
बिहार में तथाकथित जहरीली शराब से लोगों के जान जाने के बाद लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। चिराग पासवान ने बिहार में शराबबंदी कानून में संशोधन की खबरों के बीच बड़ी मांग रख दी है। उन्होंने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। सांसद चिराग पासवान ने इसके लिए राज्यपाल फागू चौहान को पत्र लिखा है।
चिराग पासवान ने कहा कि बिहार में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शासन और प्रशासन को संभालने में विफल साबित हुए हैं लिहाजा राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री इस बात को मानने के लिए तैयार नहीं हैं पर राज्य में शराबबंदी कानून जमीन पर नहीं उतर पा रहा है। चिराग ने कहा कि हद तो यह है कि मुख्यमंत्री को जहरीली शराब से जाने वाली जाने नजर नहीं आ रही हैं। इस पूरे कानून की समीक्षा करने की जरूरत है। चिराग पासवान ने कहा कि तत्काल इस मामले पर समीक्षा बैठक बुलाई जानी चाहिए और शराबबंदी कानून की समीक्षा होनी चाहिए।
वहीं चिराग पासवान ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अभी चीजों को अंदाजा नहीं है। यह पीड़ित परिवार से मिलने नहीं जाते हैं। यह किसी पीड़ित परिवार से मिलेंगे तब तो समझ में आएगा कि जहरीली शराब का कारोबार कितनी मजबूती से अपनी जड़ों को मजबूत कर चुका है। मालूम हो कि अब तक नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव कहते ही थे कि मुख्यमंत्री से बिहार नहीं संभल रहा है। वहीं अब चिराग पासवान भी सीधे मुंह कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री से राज्य नहीं संभल रहा है।
बिहार की सभी टॉप खबरें एक क्लिक में- https://newshaat.com/bihar-local-news/all-top-news-of-bihar-in-one-click/cid6257110.htm