गोलियों की तड़तड़ाहट से फिर दहला बिहार, मस्जिद के पास टहल रहे प्रॉपर्टी डीलर की दिनदहाड़े गोली मारकर ह*त्या

नालंदा ज़िले के पंहेसा गांव में एक सनसनीखेज वारदात में अज्ञात बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर को गोलियों से भून डाला। मृतक की पहचान 44 वर्षीय रजी अहमद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रजी मस्जिद के नजदीक अपने घर के सामने टहल रहे थे, तभी बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाते हुए लगातार पांच गोलियां दाग दीं।
स्थानीय लोगों ने गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल रजी अहमद को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक रजी अहमद प्रॉपर्टी का व्यवसाय करते थे। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे जमीन के लेनदेन को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक हत्या के कारणों की स्पष्ट पुष्टि नहीं हो पाई है।

घटना की जानकारी मिलते ही राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में सिलाव और नालंदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल भेज दिया है।