भारत-नेपाल सीमा पर एक और चीनी नागरिक गिरफ्तार, नेपाली नागरिक भी हिरासत में

भारत-नेपाल सीमा पर विदेशी नागरिकों की संदिग्ध गतिविधियों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में एक बार फिर एक चीनी नागरिक को अवैध रूप से भारत में घुसपैठ की कोशिश करते हुए दबोचा गया है। उसके साथ एक नेपाली नागरिक को भी गिरफ्तार किया गया है, जो उसकी मदद कर रहा था। इस घटना की पुष्टि हरैया थाना प्रभारी किशन कुमार पासवान ने की है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
26 वर्षीय चीनी युवक हिरासत में
गिरफ्तार किए गए चीनी नागरिक की पहचान हुई शिंग के रूप में हुई है, जो चीन के गांसु प्रांत का निवासी है और उसकी उम्र लगभग 26 वर्ष बताई जा रही है। उसके साथ नेपाल निवासी श्याम कुमार दहल को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

नेपाल से अवैध प्रवेश की कोशिश
मिली जानकारी के मुताबिक, हुई शिंग टूरिस्ट वीजा पर नेपाल पहुंचा था। नेपाल पहुंचने के बाद वह श्याम कुमार दहल की सहायता से भारत में गैरकानूनी तरीके से दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। मंगलवार को जब वह भारत-नेपाल मैत्री पुल के रास्ते भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था, तभी सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 47वीं बटालियन के जवानों ने उसे धर दबोचा।
पूछताछ में जुटी सुरक्षा एजेंसियां
दोनों को मंगलवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया गया था। गिरफ्तारी के बाद विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की और भारत में घुसपैठ के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश की। रात करीब 9 बजे दोनों को हरैया थाने को सौंप दिया गया।
इसके आधार पर एसएसबी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार प्राथमिकी दर्ज की गई। बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। सुरक्षा बलों के अनुसार, चीनी युवक के पास से उसका पासपोर्ट, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।