बख्तियारपुर : नीतीश कुमार ने किया गंगा रिवर फ्रंट परियोजना का निरीक्षण, दिए अहम निर्देश

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को अपने पैतृक क्षेत्र बख्तियारपुर में निर्माणाधीन गंगा रिवर फ्रंट परियोजना का दौरा किया। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी भी उनके साथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने निरीक्षण की शुरुआत घनसुरपुर से की और सीढ़ी घाट तक विभिन्न कार्य स्थलों पर जाकर प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले घनसुरपुर में गंगा के लिए बनाए जा रहे नए चैनल का निरीक्षण किया, जिसका उद्देश्य बख्तियारपुर तक गंगा जल पहुंचाना है। इसके बाद वे सीढ़ी घाट पहुंचे, जहां पाथवे के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। दौरे के क्रम में उन्होंने पास ही स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया।

शीलभद्र याजी को दी श्रद्धांजलि, प्रोजेक्ट से जुड़ी भावनाएं साझा कीं
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता सेनानी शीलभद्र याजी पार्क जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी और अधिकारियों से परियोजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि यह परियोजना उनके लिए भावनात्मक रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह उनके बचपन की यादों से जुड़ी हुई है।
330 मीटर लंबी सीढ़ियों के साथ आधुनिक सुविधाएं भी
गंगा रिवर फ्रंट परियोजना के तहत बख्तियारपुर में 330 मीटर लंबी सीढ़ियों का निर्माण हो रहा है। इसके अलावा वहां पाथवे, जनसुविधाएं जैसे शौचालय, चेंजिंग रूम, लैंडस्केपिंग और प्रकाश व्यवस्था जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं। अब तक इस प्रोजेक्ट में गंगा चैनल की दिशा तीन बार बदली जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने करीब 30 मिनट तक स्थल पर रुककर कार्यों की स्थिति का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को तय समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए।