Movie prime

Bihar: कांग्रेस ने मनाई गांधी और शास्त्री की जयंती, कहा- गांधी के विचारधारा को जिंदा रखना 'कांग्रेसजन' की जिम्मेदारी

 

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के 153वीं जयंती पर कांग्रेस की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री के 117वीं जयंती और बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष रहें स्वर्गीय पंडित प्रजापति मिश्र के 123 वीं जयंती के मौके पर उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण किया गया। जयंती कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने की। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के महासचिव और केरल के प्रभारी तारिक अनवर भी मौजूद थे। इसके अलावा राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, चंद्रप्रकाश सिंह, प्रवक्ता आनन्द माधव समेत अन्य नेता मौजूद थे। 

मदन मोहन झा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लालबहादुर शास्त्री के बताए गए आदर्शों पर चलकर ही हमारा देश पुनः विश्वगुरु बनेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में गांधी के विचारों के हत्यारे सत्ता पर काबिज होकर नया इतिहास लिखने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोग भारत के गौरवशाली अतीत को दरकिनार कर नया इतिहास लिखना चाहते हैं। उन्होंने बिहार कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय प्रजापति मिश्र को नमन करते हुए उन्हें महान विभूति बताया।

तारिक अनवर ने कहा कि गांधी के विचारों को जिंदा रखने के लिए सभी कांग्रेसजन को आगे आना होगा और देश में गांधीवाद को प्रबलता से अपनाना होगा। स्वर्गीय  शास्त्री को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. शास्त्री राजनीतिक व्यक्तियों के लिए आदर्श हैं। वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि देश में गांधी के हत्यारों की विचारधारा को थोपा जा रहा है और समय की जरूरत है कि गांधीवाद के मूल्यों को स्थापित करने की जिम्मेदारी कांग्रेसजन आगे बढ़कर उठाएं।

बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कौकब कादरी ने गांधीवाद को भारतीयता का आदर्श रूप बताते हुए कहा कि गांधी के विचार इंसान को महान बनाता है। बिहार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष श्याम सुंदर सिंह धीरज ने कहा कि गांधी-शास्त्री के विचार अजर अमर रहेंगे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता निखिल कुमार ने गांधी-शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि सामाजिक जीवन में गांधी-शास्त्री के विचार व्यक्तित्व को मजबूती प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि गांधीवाद भारत का मूल आदर्श है। बता दें, युवा कांग्रेस के द्वारा आयोजित तिरंगा यात्रा में भी सभी नेतागण शामिल हुए। वहीं प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में मजदूर कांग्रेस इंटक के द्वारा मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसका प्रदेश अध्यक्ष डॉ मदन मोहन झा ने विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया।

LJP ने मनाई गांधी जयंती, कहा- त्याग और बलिदान के प्रतिमूर्ति थे गांधी- https://newshaat.com/bihar-local-news/ljp-celebrated-gandhi-jayanti-said-gandhi-was-the-epitome/cid5379988.htm