Movie prime

राजगीर दौरे पर सीएम नीतीश, एशिया कप हॉकी और विकास परियोजनाओं की समीक्षा

 

Bihar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपने एक दिवसीय दौरे के तहत नालंदा जिले का भ्रमण कर कई अहम विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजगीर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से लेकर पटना को सीधे राजगीर से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी टूरिस्ट-वे परियोजना की प्रगति का जायज़ा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री का दौरा पटना-बख्तियारपुर फोरलेन के करौटा के पास स्थित उस टूरिस्ट-वे स्थल से शुरू हुआ, जो राजगीर तक सीधे संपर्क स्थापित करेगा। यह सड़क न केवल क्षेत्रीय परिवहन को सुलभ बनाएगी, बल्कि बौद्ध और जैन धर्म के इस पवित्र स्थल में पर्यटन को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी। इसके बाद सीएम ने राजगीर के हसनपुर में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री का काफिला इसके बाद राजगीर स्थित बिहार खेल अकादमी पहुंचा, जहां उन्होंने निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थिति का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम के मुख्य पवेलियन का स्ट्रक्चर तैयार हो चुका है और फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है। सीएम ने जनरल स्टैंड और आउटफील्ड क्षेत्र का भी निरीक्षण किया।

दौरे के अंत में मुख्यमंत्री ने राजगीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें आगामी हीरो एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट 2025 की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर में आयोजित होगा, जिसमें भारत, पाकिस्तान सहित एशिया की कई प्रमुख टीमें हिस्सा लेंगी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी राजगीर ने सफलतापूर्वक महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की थी, जिसमें भारत विजेता बना था।

मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था। उनके साथ पटना से लेकर नालंदा जिले तक के तमाम वरीय अधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर सांसद कौशलेंद्र कुमार, डीएम कुंदन कुमार, राजगीर विधायक कौशल किशोर, सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे।

News Hub