Movie prime

कल बिहार दौरे पर आयेंगे कांग्रेस नेता राहुल गांधी, गया जी में महिलाओं से करेंगे संवाद

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 6 जून को बिहार के गया जी और राजगीर का दौरा करेंगे। इस दौरान गया जी में उनका मुख्य कार्यक्रम महिलाओं से संवाद पर केंद्रित होगा, जबकि राजगीर में वे अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लोगों से बातचीत करेंगे।

बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार ने जानकारी दी कि राहुल गांधी का यह दौरा पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति का हिस्सा है। गया में महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है, जहां वे सीधे संवाद करेंगे। यह कार्यक्रम भाषण आधारित नहीं होगा, बल्कि संवाद और बातचीत को प्राथमिकता दी जाएगी।

महिलाओं के लिए ‘माई-बहन मान योजना’ का वादा
राजेश कुमार ने बताया कि राहुल गांधी के चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं को ध्यान में रखते हुए ‘माई-बहन मान योजना’ का ऐलान किया गया है। इसके तहत प्रत्येक महिला के खाते में प्रतिमाह 2500 रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर इस योजना को पूरी पारदर्शिता से लागू किया जाएगा और पैसा सीधे महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचेगा।

राजनीतिक विरोध पर निशाना
भाजपा पर निशाना साधते हुए राजेश कुमार ने कहा कि कांग्रेस भाजपा जैसी नहीं है, जो चुनाव के समय वादे कर बाद में उन्हें भूल जाती है। उन्होंने कहा कि जैसे कांग्रेस शासित हिमाचल, तेलंगाना और झारखंड में योजनाएं लागू की गई हैं, उसी तरह बिहार में भी कांग्रेस सत्ता में आने पर महिलाओं को योजना का लाभ दिया जाएगा।

तैयारियां तेज, मॉक ट्रेनिंग पूरी
राहुल गांधी के आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। राजेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम स्थलों का चयन कर लिया गया है और सभी तैयारियों की समीक्षा के लिए मॉक ट्रेनिंग भी पूरी कर ली गई है।