Movie prime

RJD के ऑफर पर JDU का जवाब, कहा- BJP के साथ है अटूट संबंध!

 

बिहार की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के जनता दल यूनाइटेड ( जदयू) को ऑफर दिए जाने के बाद से बिहार की राजनीति में यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या यह दोनों पार्टी एक साथ आएंगी। जातिगत जनगणना को लेकर राजद के ऑफर पर जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की प्रतिक्रिया के बाद तो इन तमाम आशंकाओं को बल मिल गया है। लेकिन क्या राजद और जदयू नजदीक आएंगे? इस सवाल पर जदयू की ओर से वशिष्ठ नारायण सिंह ने चुप्पी तोड़ी। वशिष्ठ नारायण सिंह ने राजद के ऑफर को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि जदयू का भाजपा के साथ अटूट संबंध है और राजद के साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता। 

दरअसल, दो दिन पहले राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस कर नीतीश कुमार को खुला ऑफर दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह तेजस्वी यादव की ओर से नीतीश कुमार को ऑफर दे रहे हैं। नीतीश जातिगत जनगणना के मसले पर भाजपा से संबंध तोड़ें, राजद उनकी सरकार को गिरने नहीं देगी। राजद ने कहा कि वह जातीय जनगणना को लेकर मुख्यमंत्री के साथ हैं। वहीं जगदानंद सिंह के ऑफर के तुंरत बाद जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा का इस पर प्रतिक्रिया आया। जगदानंद के इस ऑफर का उपेंद्र कुशवाहा ने स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद तक कह डाला। कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार तो हर हाल में जातिगत जनगणना करा कर रहेंगे, इसके लिए किसी की नाराजगी की परवाह नहीं की जाएगी। 

कुशवाहा के इस बयान के बाद लोगों में संदेश गया कि 2022 की बिहार की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। हालांकि, जदयू की ओर से अब वशिष्ठ नारायण सिंह ने इस पर सफाई देते हुए कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू का गठबंधन अटूट है। राजद ने जदयू को जो ऑफर दिया है उसमें कोई आधार नहीं है। जातिगत जनगणना पर नीतीश का स्टैंड क्लीयर है। मुख्यमंत्री ने साफ कर दिया है कि वह इस पर भाजपा से बात कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा से गठबंधन टूटने की बात कहां से आ गई। वशिष्ठ नारायण सिंह ने उपेंद्र कुशवाहा का नाम तो नहीं लिया लेकिन कहा कि राजद या किसी और के कुछ कहने से बिहार के भाजपा-जदयू गठबंधन पर कोई असर नहीं पडने वाला है। दोनों पार्टियां साथ हैं लेकिन अगर कहीं मतभेद होती है तो आपस में बात होती है। इसका कोई दूसरा अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।

कांग्रेस की दिग्गज नेत्री शकुंतला देवी का निधन- https://newshaat.com/bihar-local-news/congress-veteran-shakuntala-devi-passes-away/cid6198788.htm