Movie prime

मदन मोहन झा का निशाना RJD पर, कहा- 'हवाई नेता का छक्का छुड़ा देंगे'

 

बिहार के विधानसभा के तारापुर और कुशेश्वरस्थान सीट पर होने वाले उपचुनाव में राजद से अलग कांग्रेस ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। पार्टी ने तारापुर से जहां राजेश मिश्रा को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं कुशेश्वरस्थान से अतिरेक कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है। इस कड़ी में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने इशारे-इशारे में तेजस्वी यादव पर बड़ा हमला किया है। 

प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि महागठबंधन में टूट की बात अभी छोड़ दीजिए। यह उपचुनाव के बाद तय होगा कि कांग्रेस महागठबंधन का हिस्सा है या नहीं। उन्होंने कहा कि कुशेश्वरस्थान से हम चुनाव लड़ रहे थे, लेकिन राजद ने अपना उम्मीदवार उतार दिया। इसके बाद हमने भी अपना उम्मीदवार उतार दिया। अब जनता हवाई नेता के छक्के छुड़ा देगी। मदन मोहन झा ने साफ कह दिया कि कांग्रेस मजबूती के साथ दोनों सीटों पर तैयारियां कर रही है। उन्होंने कहा, "हमारे स्टार प्रचारक भी मैदान में उतरेंगे। इनमें प्रियंका गांधी, कन्हैया कुमार सहित अन्य नेता भी आ सकते हैं। " 

गौरतलब है कि उपचुनाव में राजद और कांग्रेस ने दोनों विधानसभा सीट से अपना-अपना उम्मीदवार उतारा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष इसी सिलसिले में बोल रहे थे। उन्होंने राजद के ऊपर महागठबंधन को तोड़ने का आरोप लगाया। हालांकि, उन्होंने कहा कि उपचुनाव तक कोई गठबंधन की बात नहीं है। इसके बाद क्या करना है, आलाकमान को फैसला करना है। 

बिहार सरकार के मंत्री का दावा, NDA जीतेगी उपचुनाव, तेजस्वी देख रहे हैं सपना-https://newshaat.com/bihar-local-news/bihar-government-minister-claims-nda-will-win-the/cid5436548.htm