Movie prime

नीट पेपर लीक मामला : नालंदा में मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, देश के 11 शहरों में एक साथ रेड

नीट-यूजी 2024 पेपर लीक कांड की जांच में एक बार फिर तेजी आई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को बिहार के नालंदा जिले में मुख्य आरोपी संजीव मुखिया से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई नगरनौसा थाना क्षेत्र के बलवा गांव और गोसाईमठ इलाके में की गई, जहां संजीव मुखिया के रिश्तेदार डॉ. शिव कुमार और संदीप कुमार के आवास की तलाशी ली गई।

ईडी की कार्रवाई के दौरान हंगामा, मोबाइल छीने जाने की अफवाह
ईडी की टीम जब नालंदा में छापेमारी कर रही थी, तब स्थानीय लोगों ने विरोध किया और अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों का दावा है कि छापे के दौरान एक ईडी अधिकारी का मोबाइल फोन जबरन छीन लिया गया। हालांकि नगरनौसा थाना प्रभारी शशि रंजन मिश्रा ने इस बात से इंकार किया। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हुई और मोबाइल वापस दिलाया गया।

11 स्थानों पर एक साथ छापेमारी
ईडी ने 19 जून को देशभर में 11 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती घोटाले और नीट पेपर लीक मामले में की गई है। दिल्ली से आई ईडी टीम ने पटना, रांची, लखनऊ, कोलकाता और नालंदा सहित कई प्रमुख शहरों में दबिश दी।

जांच में खुलासा हुआ है कि पेपर लीक मामले में गिरफ्तार संजीव मुखिया का बेटा डॉ. शिव कुमार हाल ही में जेल से रिहा हुआ है और अपनी मां ममता सिन्हा के चुनाव अभियान में हिस्सा ले रहा है। ममता सिन्हा हरनौत विधानसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।

कौन है संजीव मुखिया?
नालंदा जिले के नगरनौसा प्रखंड का निवासी संजीव मुखिया, जिसे लोग "लूटन मुखिया" के नाम से भी जानते हैं, नूरसराय स्थित उद्यान महाविद्यालय में तकनीकी सहायक के पद पर तैनात था। नीट पेपर लीक की भनक लगते ही वह बीमारी का बहाना बनाकर नौकरी से छुट्टी लेकर फरार हो गया था।

करोड़ों की संपत्ति का मालिक, आय से 144% अधिक दौलत
सरकारी जांच में सामने आया है कि थर्ड ग्रेड कर्मचारी होते हुए भी संजीव मुखिया के पास 1.75 करोड़ से अधिक की संपत्ति है, जो उसकी घोषित आय से करीब 144% ज्यादा है। सीबीआई और ईडी दोनों मिलकर उसकी संपत्ति और लेन-देन की जांच कर रहे हैं। उसकी पत्नी ममता देवी 2020 में लोक जनशक्ति पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी हैं, मगर हार गई थीं।
 

News Hub