प्रिंस राज की बढ़ी मुश्किलें, दिल्ली हाईकोर्ट ने मांगा है जवाब
राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद प्रिंस राज की मुश्किलें बढ़ती हुई नजर आ रही। रेप के मामले में फंसे प्रिंस राज को दिल्ली के जिला कोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत दिए जाने के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की गई है। बता दें, प्रिंस राज के अग्रिम जमानत के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाली वही महिला वही हैं जिन्होंने प्रिंस पर रेप का आरोप लगाया था।
इस याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस योगेश खन्ना की बेंच ने प्रिंस राज से जवाब मांगा है। गौरतलब है कि दिल्ली की एक महिला ने प्रिंस राज पर गंभीर आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करा खी है। महिला ने आरोप लगाया है कि वह एलजेपी की कार्यकर्ता है और प्रिंस राज ने बेहोशी की हालत में उनके साथ दुष्कर्म किया है। यह घटना 2020 की बताई जा रही है। इस मामले में कोर्ट के आदेश के बाद प्रिंस राज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एक महीने पहले प्रिंस राज को दिल्ली की एक अदालत ने दुष्कर्म के आरोप के इस मामले में अग्रिम जमानत दे दी थी।
सांसद प्रिंस राज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली की अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। उन्होंने अपनी अर्जी में कहा था कि रेप का आरोप लगाने वाली महिला प्रिंस राज से पैसे की उगाही कर रही थी और उन्हें ब्लैकमेल कर रही थी। याचिका में कहा गया था प्रिंस राज ने इस संबंध में पहले ही महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें महिला को जमानत दी गई है। वहीं, महिला ने इस साल मई में दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी और दिल्ली की अदालत के निर्देश पर पुलिस ने प्रिंस राज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
तेजस्वी यादव का CM पर तंज, जानिए क्या कहा! - https://newshaat.com/bihar-local-news/tejashwi-yadavs-taunt-on-cm-said-there-is-no-work-to-show/cid5651667.htm







