Movie prime

सीतामढ़ी : गिरमिसानी गांव में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, गोलीबारी में दो किशोर घायल

सीतामढ़ी जिले के पुनौरा थाना अंतर्गत गिरमिसानी गांव में शुक्रवार देर रात एक आपसी कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। मामूली विवाद के बीच चली गोली से दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की पहचान वार्ड संख्या-09 के मोहम्मद अकबर अली के पुत्र मोहम्मद असजद और मोहम्मद ओबैद अंसारी के 13 वर्षीय पुत्र नसद रजा के रूप में की गई है। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने एक घायल के शरीर से गोली निकालने में सफलता पाई है। अस्पताल में दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही पुनौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच से यह आपसी रंजिश का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि गोली चलाने वाला युवक नशे में था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोली किसके द्वारा चलाई गई। पुलिस ने पूरे गांव को चारों ओर से घेरकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। तकनीकी जांच के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों से पूछताछ का दौर जारी है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, निष्पक्ष जांच का भरोसा
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ रामकृष्ण देर रात लगभग तीन बजे सीतामढ़ी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों की स्थिति की जानकारी ली और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से पड़ताल कर रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
 

News Hub