Movie prime

मोदी सरकार के 11 वर्ष : दो दिवसीय झारखंड दौरे पर पूर्व मंत्री स्मृति ईरानी, रांची में हुए समारोह में हुईं शामिल

पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आज झारखंड के दौरे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने मोदी सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों पर केंद्रित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी ने उन्हें एक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय और पार्टी के महामंत्री आदित्य साहू भी मौजूद थे।

भाजपा की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रांची के मेन रोड स्थित चंद्रशेखर आजाद दुर्गा पूजा समिति प्रांगण में दो दिवसीय समारोह आयोजित किया गया है, जिसमें "सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण" के 11 वर्षों पर आधारित मोदी सरकार की विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जा रहा है।


पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इसी भव्य आयोजन में भाग लेने के लिए रांची आई हैं। भाजपा ने इस आयोजन को सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का प्रतीक बताया है।