Movie prime

अनुराग गुप्ता बने झारखंड के नियमित डीजीपी, दो साल का कार्यकाल तय

झारखंड सरकार ने आईपीएस अधिकारी अनुराग गुप्ता को राज्य का नियमित पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। उनकी नियुक्ति दो वर्षों के लिए होगी। गृह विभाग जल्द ही इस संबंध में अधिसूचना जारी करेगा। अनुराग गुप्ता, जो 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, वर्तमान में झारखंड के प्रभारी डीजीपी के रूप में कार्यरत हैं। इसके साथ ही वे सीआईडी और एसीबी के डीजी का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे हैं। उनकी नई नियुक्ति 26 जुलाई 2024 से प्रभावी होगी और अगले दो वर्षों तक जारी रहेगी।

साल 2022 में अनुराग गुप्ता को डीजी रैंक में प्रोन्नत कर डीजी ट्रेनिंग का पद सौंपा गया था। 26 जुलाई 2024 को उन्हें झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया, लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव आयोग ने उन्हें इस पद से हटा दिया और अजय सिंह को डीजीपी नियुक्त किया। हालांकि, 28 नवंबर को सरकार ने उन्हें दोबारा प्रभारी डीजीपी बना दिया।

अनुराग गुप्ता का पुलिस सेवा में एक लंबा और प्रभावशाली करियर रहा है। उन्होंने गढ़वा, गिरिडीह और हजारीबाग में एसपी के रूप में सेवाएं दीं, जबकि रांची के एसएसपी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। बिहार के एकीकृत दौर में भी उनके कार्यों की सराहना हुई, जिसके चलते उन्हें वीरता के लिए राष्ट्रपति का गैलेंट्री अवार्ड प्रदान किया गया था।