मंडल स्तर तक बाबा साहेब भीम राव अम्बेडकर के लक्ष्य और संघर्ष को जनता तक पहुंचना है : अमर कुमार बाउरी
भारतीय जनता पार्टी 11 जनवरी 2025 से 25 जनवरी 2025 तक "संविधान गौरव अभियान" चलाएगी। इस अभियान का उद्देश्य बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के संघर्ष, संविधान निर्माण, और उनके विचारों को देश की आम जनता तक पहुंचाना है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी।
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि बाबा साहब के बनाए संविधान के कारण आज देश की सबसे ऊंची पदवी पर एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति हैं और एक चाय बेचने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश को महान बनाने में अहम भूमिका निभाई है। लेकिन, आज भी बाबा साहब के विचार और उनकी शिक्षाएं समाज के हर व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाई हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि संविधान निर्माण के समय कांग्रेस ने धर्म आधारित आरक्षण पर जोर दिया था, जबकि बाबा साहब ने हर नागरिक को समान अधिकार दिया। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में नेहरू और इंदिरा गांधी को जीवित रहते ही भारत रत्न दिया, लेकिन बाबा साहब को इस सम्मान से वंचित रखा। यहां तक कि मरणोपरांत उन्हें दिल्ली में उचित सम्मान नहीं मिला।
अमर बाउरी ने कहा कि बाबा साहब ने कश्मीर में धारा 370 का विरोध किया था। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी बाबा साहब के विचार, उनके लक्ष्य, और संविधान निर्माण के दौरान हुई घटनाओं को जनता के बीच ले जाएगी।
अमर बाउरी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की "मईंया योजना" पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार इस योजना का लाभ देने का दावा कर रही है, लेकिन राज्य के वृद्ध, विधवा और दिव्यांगों को उनके पैसे नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने इसे जनता के साथ अन्याय बताया।
450 रुपये में गैस सिलिंडर देने के वादे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झामुमो ने अपने चुनावी वादे से मुंह मोड़ लिया है। उन्होंने कहा कि पंचम विधानसभा में मंत्री ने खुद कहा था कि घोषणा पत्र केवल एक घोषणा है।
इस मौके पर संविधान गौरव अभियान के संयोजक और प्रदेश मंत्री नंद जी प्रसाद, सह संयोजक राकेश भास्कर, प्रदेश प्रवक्ता अमित कुमार मंडल, राफिया नाज़, और प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।