Movie prime

बगोदर विधायक विनोद सिंह होंगे भाकपा माले से कोडरमा सीट के प्रत्याशी

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र भाकपा माले ने कोडरमा लोकसभा सीट पर अपने प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। भाकपा माले ने बगोदर विधायक विनोद सिंह को कोडरमा लोकसभा सीट का उम्मीदवार बनाया है। विनोद सिंह ने प्रत्याशी चुने जाने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, वह महागठबंधन की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और संसद में जनता की आवाज़ बुलंद करेंगे। 

भाकपा माले के प्रदेश सचिव मनोज भक्त ने प्रेसवार्ता कर कहा कि इंडिया गठबंधन की ओर से विनोद सिंह के नाम पर मुहर लगा दी गई है। वहीं उन्होंने प्रत्याशियों की घोषणा के साथ-साथ संकल्प पत्र भी जारी किया है। संकल्प पत्र जारी करते हुए भाकपा माले के राज्य सचिव मनोज भक्त ने कहा कि कोडरमा में मजदूर, दलित और पिछड़ों की स्थिति में पिछले कई दशकों से कोई सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पिछले एक दशक से ज्यादा समय से कोडरमा लोकसभा का नेतृत्व कर रही है लेकिन वहां की मजदूर आज भी दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने आगे कहा कि जब उनके प्रत्याशी जीतकर लोकसभा पहुंचेंगे तो निश्चित रूप से कोडरमा में काम करने वाले मजदूर और मूल निवासियों की समस्याओं को उठाने का काम करेंगे।