Movie prime

Big Breaking : विधायकों के साथ राजभवन जा सकते हैं चंपई सोरेन

चंपई सोरेन ने राज्यपाल को बताया था कि उनके पास 47 विधायकों का समर्थन है। सरकार बनाने के लिए उनके पास पर्याप्त आंकड़ा है। 

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद, आज विधायक दल के नेता चुने गए चंपई सोरेन राजभवन जा सकते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंपई सोरेन आज सत्तारूढ़ दल के विधायकों के साथ राज्यपाल से मुलाकात कर सकते हैं। साथ ही, यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि, चंपई सोरेन राज्यपाल से शपथ ग्रहण के लिए वक़्त मांग सकते हैं। विदित हो कि, कल देर रात चंपई सोरेन,कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव के साथ राजभवन गये थे और राज्यपाल को विधायकों का समर्थन पत्र सौंपकर सरकार बनाने का दावा पेश किया था। चंपई सोरेन ने राज्यपाल को बताया था कि उनके पास 47 विधायकों का समर्थन है। सरकार बनाने के लिए उनके पास पर्याप्त आंकड़ा है। 

चंपई सोरेन ने शिबू सोरेन को बताया आदर्श
चंपई सोरेन ने कहा कि गुरुजी (शिबू सोरेन) मेरे आदर्श हैं। मैंने अपने राजनीतिक जीवन में उनके ही आदर्शों का अनुसरण किया है और प्रेरणा पाई है। गुरुजी के आदर्शों पर चलकर ही मैं झारखंड की अस्मिता बचाने के लिए काम करूंगा। मेरा लक्ष्य होगा खुशहाल झारखंड। चंपई सोरेन ने कहा कि हमारे पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त आंकड़ा है। हमें अब बस राज्यपाल के बुलावे का इंतजार है। इसमें विलंब नहीं होना चाहिए।
 
राजनीतिक अस्थिरता का माहौल
गौरतलब है कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता का माहौल है। तकनीकी या कानूनी रूप से फिलहाल झारखंड में कोई मुख्यमंत्री नहीं है। चंपई सोरेन विधायक दल के नेता चुने गये हैं। सत्ताधारी दल के विधायक सर्किट हाउस में ठहरे हैं।