बिरसा मुंडा समाधि परिसर को सौंदर्यीकृत करने की तैयारी में जुटे मंत्री सुदिव्य कुमार, कहा-समाधि नहीं, स्वाभिमान का प्रतीक है यह स्थल

रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की समाधि पर शुक्रवार को झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने दौरा किया। उन्होंने इस ऐतिहासिक स्थल की स्थिति का जायज़ा लिया और साफ-सफाई, रखरखाव और भविष्य में इसके विस्तार को लेकर अधिकारियों से आवश्यक सुझाव मांगे।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाधि स्थल के चारों ओर मौजूद उपयुक्त भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया पर विचार कर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करें, जिससे इस सांस्कृतिक विरासत को और भव्य रूप दिया जा सके।
निरीक्षण के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने बताया कि परिसर की रोशनी की व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। आगंतुकों की सुविधा के लिए एक आकर्षक पार्क और बैठने की व्यवस्था भी की जाएगी। इसके साथ ही, भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी अस्मिता के प्रतीकों को दर्शाने के लिए एक जानकारी केंद्र भी विकसित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि यह स्थल केवल एक समाधि नहीं, बल्कि झारखंड की आत्मा, इतिहास और स्वाभिमान का जीवंत प्रतीक है। सरकार इसे एक प्रेरणादायी और सौंदर्यपूर्ण स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।