Movie prime

राज्य के दो पूर्व मुख्यमंत्रियों का जन्मदिन आज, बधाईयों का लगा तांता

झारखंड के दो प्रमुख चेहरों और पूर्व मुख्यमंत्रियों – अर्जुन मुंडा और रघुवर दास – का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर दोनों नेताओं को पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम जनता की ओर से ढेरों बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके प्रशंसक उन्हें याद कर रहे हैं, जबकि बीजेपी कार्यालयों में भी जश्न जैसा माहौल है।

भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक दोनों ही नेताओं के लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना कर रहे हैं। झारखंड के पहले मुख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी दोनों नेताओं को जन्मदिन की हार्दिक बधाई दी है।

जमशेदपुर से राजनीति की राह
गौरतलब है कि अर्जुन मुंडा और रघुवर दास – दोनों का जन्म जमशेदपुर में हुआ था। अर्जुन मुंडा का जन्म 1968 में हुआ और मात्र 35 वर्ष की आयु में वे झारखंड के मुख्यमंत्री बन गए थे। उन्होंने राज्य के साथ-साथ केंद्र की राजनीति में भी अहम भूमिका निभाई और केंद्रीय मंत्री पद की जिम्मेदारी भी संभाली।

दूसरी ओर, रघुवर दास का जन्म 1955 में हुआ और उन्होंने 2014 से 2019 तक झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में अपना कार्यकाल पूरा किया – वे राज्य के पहले ऐसे मुख्यमंत्री बने जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया। बाद में उन्हें ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया, लेकिन 2024 के अंत में उन्होंने इस्तीफा देकर फिर से भारतीय जनता पार्टी में सक्रिय राजनीतिक भूमिका निभानी शुरू कर दी।