Movie prime

भाजपा नेता कड़िया मुंडा की तबीयत बिगड़ी, मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा उपाध्यक्ष कड़िया मुंडा (88) की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने चिंता जताई है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। सेठ ने बताया कि वे लगातार मेडिका के डॉक्टरों से संपर्क में हैं और पूर्व सांसद के स्वास्थ्य की नियमित जानकारी ले रहे हैं।
तीन दिन से अस्वस्थ थे कड़िया मुंडा
कड़िया मुंडा की तबीयत तीन दिन पहले खराब हुई थी। खूंटी के सिविल सर्जन डॉ. नागेश्वर मांझी ने उनके घर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य जांचा था। तबीयत में सुधार न होने के कारण मंगलवार को उन्हें रांची रेफर किया गया, जहां जांच के बाद उन्हें मेडिका हॉस्पिटल में भर्ती किया गया।
कौन हैं कड़िया मुंडा?
कड़िया मुंडा झारखंड की खूंटी लोकसभा सीट से आठ बार सांसद रह चुके हैं। वे पद्मभूषण पुरस्कार से सम्मानित किए जा चुके हैं। कड़िया मुंडा का नाम सबसे ज्यादा 12 लोकसभा चुनाव लड़ने का रिकॉर्ड भी रखता है। खूंटी लोकसभा सीट 1967 में अस्तित्व में आई थी और उन्होंने पहली बार 1971 में चुनाव लड़ा। 1977 में उन्हें पहली जीत मिली और वे संसद पहुंचे। 2014 में उन्होंने अपना अंतिम लोकसभा चुनाव लड़ा था। उनके राजनीतिक करियर में उन्होंने आठ बार जीत दर्ज की और चार बार हार का सामना करना पड़ा।