गिरिडीह दौरे पर पहुंची विधायक कल्पना सोरेन, छात्रों से की मुलाकात
गांडेय विधानसभा क्षेत्र की विधायक कल्पना सोरेन गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर गिरिडीह पहुंचीं। उन्होंने सबसे पहले परिसदन भवन में जिले के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें चल रही विकास परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत विधायक गांडेय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में गईं, जहां उन्होंने विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और लोगों से फीडबैक प्राप्त किया। योजनाओं की प्रगति और जमीनी हकीकत का जायजा लेने के साथ ही उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
अपने दौरे के दौरान कल्पना सोरेन ने बेंगाबाद +2 विद्यालय का विशेष रूप से दौरा किया। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए एक प्रेरक सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में उन्होंने अपने जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए और छात्रों को मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास की अहमियत समझाई।
उन्होंने कहा, "जीवन में कामयाबी पाने का कोई आसान रास्ता नहीं होता। ईमानदारी से की गई पढ़ाई और लगातार किया गया प्रयास ही सफलता की कुंजी है।" उनकी बातें सुनकर छात्र-छात्राओं में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों ने उनसे खुलकर सवाल किए, जिनका उन्होंने अत्यंत सरल और आत्मीय तरीके से उत्तर दिया।
यह संवाद न केवल छात्रों के लिए उत्साहवर्धक रहा, बल्कि उन्हें अपने सपनों की ओर निरंतर आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा भी मिली। इस अवसर पर डीडीसी स्मृता कुमारी, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीएसई वसीम अहमद, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, शिक्षा विभाग के अधिकारी व शिक्षकगण उपस्थित रहे।







