Movie prime

सीट बंटवारे पर बवाल: ईचागढ़ सीट आजसू को देने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा

एनडीए में सीट शेयरिंग पर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद विवाद शुरू हो गया है। आज ईचागढ़ से आए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में जमकर हंगामा किया और ईचागढ़ सीट को आजसू को देने के फैसले का विरोध किया।

हंगामा करने वाले कार्यकर्ता भाजपा नेता अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह के समर्थक बताए जा रहे हैं। मलखान सिंह पिछली बार निर्दलीय चुनाव लड़े थे और उन्हें 32,204 वोट मिले थे। कुछ समय पहले ही उन्होंने भाजपा जॉइन किया और अब वे टिकट के प्रमुख दावेदार बन गए हैं। दूसरी ओर, 2019 के विधानसभा चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे आजसू पार्टी के हरे लाल महतो फिर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, और आजसू उन्हें ईचागढ़ से उम्मीदवार बना रही है।

भाजपा कार्यकर्ताओं का तर्क है कि 2019 में बीजेपी मात्र 400 वोटों से आजसू से पीछे रही थी और यह सीट भाजपा की परंपरागत सीट रही है। ऐसे में, इस बार भाजपा को ही ईचागढ़ सीट मिलनी चाहिए। 2019 के भाजपा उम्मीदवार साधू चरण महतो के बाद अब मलखान सिंह को टिकट देने की मांग हो रही है।

सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के आधार पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया, जबकि अब तक न तो सीट शेयरिंग पर कोई घोषणा हुई है और न ही उम्मीदवारों का ऐलान। इससे पहले दुमका में भी सोशल मीडिया पर फैली खबरों के चलते भाजपा नेताओं के समर्थकों में झड़प हो गई थी, जिसमें पूर्व सांसद सुनील सोरेन के समर्थक ने पूर्व मंत्री लुईस मरांडी के समर्थक पर चाकू से हमला कर दिया था।